ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड में शुरू होगी प्रतिभाओं की वैज्ञानिक तलाश

ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड में शुरू होगी प्रतिभाओं की वैज्ञानिक तलाश

ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड में शुरू होगी प्रतिभाओं की वैज्ञानिक तलाश

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने खेल विभाग को दिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश

प्रारंभिक चरण में 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों के चयन का लक्ष्य

देहरादून।मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड से प्रतिभावान खिलाड़ियों को तैयार करने के उद्देश्य से खेल विभाग के साथ बैठक की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। भौगोलिक परिस्थितियों और प्रदेश की क्षमता के अनुरूप खेलों की पहचान कर खिलाड़ियों को अभी से व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है।

मुख्य सचिव ने ऐसे खेलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जिनमें उत्तराखंड के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विभाग को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्य करने तथा प्रतिभाओं की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर टैलेंट हंट आयोजित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि चयनित खेलों में प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए पारदर्शी एवं वैज्ञानिक प्रणाली विकसित की जाए। प्रारंभिक चरण में 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों को चिन्हित कर तत्काल प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए। चयनित बच्चों के लिए कोचिंग, फिटनेस और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने स्कूल स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान और उनके संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल एजुकेशन सिस्टम में खेलों को और प्रभावी ढंग से शामिल किया जाए। स्कूलों में कार्यरत पीटीआई को भी बच्चों की प्रतिभा पहचानने और उन्हें निखारने के लिए संवेदनशील एवं प्रशिक्षित किया जाए, ताकि स्कूलों में सकारात्मक खेल वातावरण विकसित हो सके।

उन्होंने वर्तमान में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाकर भविष्य के लिए प्रशिक्षित कोच के रूप में तैयार करने की दिशा में भी कार्य करने को कहा। इससे आने वाले समय में प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण कोचों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।

मुख्य सचिव ने बच्चों के चिन्हीकरण, कोच की उपलब्धता और प्रशिक्षण शुरू किए जाने की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट लक्ष्य एवं समयसीमा निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

बैठक में विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, सचिव श्री शैलेश बगौली, डॉ. रणवीर सिंह चौहान और अपर सचिव श्रीमती नमामि बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *