चम्पावत के 58 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 4.17 लाख की सहायता स्वीकृत
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में चम्पावत जनपद के 58 लाभार्थियों के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से कुल 4 लाख 17 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्वीकृत धनराशि जिलाधिकारी चम्पावत को भेजते हुए नियमानुसार समयबद्ध तरीके से वितरण और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में सहायता राशि का वितरण पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ किया जाएगा। सहायता राशि केवल स्वीकृत सूची में शामिल पात्र लाभार्थियों को ही नियमानुसार प्रदान की जाएगी।
प्रशासन द्वारा लाभार्थियों से स्टाम्पयुक्त रसीद, पहचान संबंधी दस्तावेज, बैंक खाते का विवरण और अन्य आवश्यक अभिलेख प्राप्त किए जाएंगे। भुगतान एकाउंट पेयी चेक अथवा बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि चालू वित्तीय वर्ष में संबंधित लाभार्थी को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष अथवा किसी अन्य मंत्री के विवेकाधीन कोष से इसी प्रकार की सहायता प्राप्त न हुई हो। इसके लिए लाभार्थियों से स्व-प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा।
शासन के निर्देशों के अनुसार 25 हजार रुपये से अधिक की सहायता वाले मामलों में निर्धारित शपथ पत्र तथा विवाह संबंधी मामलों में आवश्यक जांच के बाद ही भुगतान किया जाएगा। सहायता प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों को निर्धारित प्रयोजन के लिए छह माह के भीतर धनराशि का उपयोग करना होगा और उपयोगिता प्रमाण-पत्र (G.F.R. 19-A) शासन को भेजा जाएगा।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि शासन से प्राप्त 58 लाभार्थियों की सूची और स्वीकृत धनराशि का विवरण जिला कार्यालय के सूचना पट्ट के साथ-साथ संबंधित तहसील स्तर पर भी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सहायता राशि का वितरण संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ किया जाए तथा सभी आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखते हुए उपयोगिता प्रमाण-पत्र शासन को उपलब्ध कराया जाए।
58 लाभार्थियों को मिलेगी सहायता
स्वीकृत सूची में हीरा बल्लभ, विमला देवी, गंगा देवी, जोगा राम, तिरमल चंद, मदन मोहन जोशी, अशोक सिंह, मोहित चंद्र जोशी, तकदीरन निशा, सूरज शर्मा, भगवती देवी, विमला, माखन, पूजा देवी, मन्जू देवी, ओम प्रकाश शर्मा, विशन सिंह, हेमा तिवारी, नईम, जगदीश राम, गरिमा तिवारी, खीमा देवी, पूनम शर्मा, रामवती देवी, रूप सिंह, सज्जाद हुसैन, अनीता देवी, तहसीलदार गुप्ता, शकील अहमद, हयात सिंह, सुन्दर आर्या, अर्जुन सिंह, चन्द्र सिंह नेगी, नवीन चन्द, नवीन चन्द्र भट्ट, सुमन देवी, दीपक जोशी, विशाल शर्मा, केशव दत्त, प्रेम बल्लभ, हीरा देवी, सीमांती, नाजमा खातून, मन्नू सिंह, शकुन्तला देवी, गंगा देवी, मंजू देवी, खीमानन्द जोशी, जगत सिंह, सोनी देवी, बची सिंह, कुंती देवी, गीता जोशी, आशा देवी, धर्मवीर, संजना, बसंती देवी और गिरीश कुमारी शामिल हैं।
