उत्तराखंड सरकार का बड़ा फ़ैसला: सेंट्रल होप टाउन के लोगों को बड़ी राहत, 10 साल बाद ऑनलाइन हुई खतौनी
देहरादून/सेलाकुई: सेंट्रल होप टाउन क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत की खबर है। करीब 8 से 10 वर्षों से लंबित बंदोबस्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मौजा सेंट्रल होप टाउन की खतौनी ऑनलाइन भूलेख पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के करीब 45 दिनों के भीतर प्रशासन ने 1,188 खातों को ऑनलाइन दर्ज कर दिया है। इससे क्षेत्र की करीब 25 से 30 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, 11 जुलाई 2026 को आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने खतौनी ऑनलाइन नहीं होने की समस्या रखी थी। ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण दाखिल-खारिज, बैंक ऋण, विरासत दर्ज कराने के साथ ही स्थायी निवास और जाति प्रमाण पत्र बनवाने जैसे कार्यों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो माह के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन ने निर्धारित समय से पहले ही 25 अगस्त 2026 को भूलेख पोर्टल पर खतौनी ऑनलाइन कर दी।
अब सेंट्रल होप टाउन के 1,188 खातों का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध है। इससे लोगों को भूमि संबंधी दस्तावेज और अन्य राजस्व कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। लोग पोर्टल के माध्यम से अपनी खतौनी भी प्राप्त कर सकेंगे।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
खतौनी ऑनलाइन होने पर क्षेत्रीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत शासन-प्रशासन का आभार जताया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान से अब भूमि संबंधी कार्यों के साथ रुकी हुई कई प्रक्रियाओं को भी गति मिलेगी।
