शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के परिजनों से मिले सीएम धामी, किया सम्मानित

शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के परिजनों से मिले सीएम धामी, किया सम्मानित

शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के परिजनों से मिले सीएम धामी, किया सम्मानित

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शहीदों के परिजनों के सम्मान और उनसे आत्मीय संवाद की कड़ी में भाऊवाला स्थित शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शहीद के पिता नागेंद्र प्रसाद अणथ्वाल सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और शहीद को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए परिजनों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनके साथ सदैव खड़ी रहेगी। शहीद परिवारों का सम्मान पूरे समाज और राष्ट्र का सम्मान है।

पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम क्वाला निवासी अमित कुमार अणथ्वाल 9 दिसंबर 2011 को गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। बाद में उन्होंने 4 पैरा स्पेशल फोर्स में सेवाएं दीं। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में तैनाती के दौरान अप्रैल 2020 में केरन सेक्टर में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया। अभियान में अपने साथियों के साथ उन्होंने पांच आतंकवादियों को मार गिराया। इसी साहसिक अभियान में अमित कुमार अणथ्वाल सहित पांच जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।शहीद अमित कुमार अणथ्वाल की वीरता और पराक्रम को देखते हुए उन्हें सेना मेडल (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं। शहीद अमित कुमार अणथ्वाल का नाम भी अमर वीरों में सदैव सम्मान और गर्व के साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार उनके बलिदान और वीरता को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ ही शहीद परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *